लखनऊ के कृष्णानगर कोतवाली में अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह ने चंदौली निवासी अंतरराष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक के खिलाफ फर्जीवाड़े का केस दर्ज कराया है। वर्तिका का आरोप है कि बाल वैज्ञानिक ने फर्जी दावे करके खुद को अंतरराष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक घोषित किया जबकि उसने कोई ऐसा आविष्कार ही नहीं किया है।
वह अपने आविष्कारों का कोई भी प्रमाण मीडिया के सामने पेश नहीं करता है। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज वर्तिका सिंह का कहना है कि बाल वैज्ञानिक ने उनसे संपर्क कर अपना ब्रांड अंबेसडर बनाने का ऑफर दिया था।
वह एक ऐसी घड़ी का आविष्कार का दावा करता है जिसमें महिलाओं की सुरक्षा के लिए हंसने वाली गैस निकलती है। इस घड़ी को उसने स्मार्ट पोजीशनिंग मोबाइल फोन वॉच का नाम दिया है। इसके अलावा उसने रूम फ्रेशनर वाली मच्छर मारने वाली मशीन बनाने का भी दावा किया है।
बाल वैज्ञानिक का कहना है कि उसके दोनों आविष्कार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहे गए हैं और उन्हें पेटेंट के लिए भेजा गया है। बकौल वर्तिका, उसने अपने आविष्कारों का ब्रांड अंबेसडर बनाने के बदले उससे रुपये भी ऐंठे। वर्तिका ने बाल वैज्ञानिक के आविष्कारों और उसके दावों की पड़ताल की तो चौंकाने वाले खुलासे हुए।