चूंकि भारत-श्रीलंका के बीच पहले लखनऊ में 18 मार्च को सीरीज का तीसरा टी-20 मुकाबला होना था और अब अचानक मैच की तिथि बदलकर 24 फरवरी कर दी है। करीब 24 दिन पहले मुकाबला होने के बावजूद इकाना स्टेडियम प्रबंधन अपनी तैयारियों को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है।
इकाना स्पोर्ट्स सिटी के प्रबंध निदेशक उदय सिन्हा ने बताया कि मुकाबला जल्द होने से हमारी तैयारियों पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि हम हमेशा ही बड़े मुकाबले के लिए तैयार रहते हैं। स्टेडियम में भरपूर स्टाफ है जो कम से कम समय में विकेट तैयार करके मैच आयोजित करवाने में सक्षम है। अगर मुकाबला 24 फरवरी को भी होता है तो कोई परेशानी वाली बात नहीं।
22 को शहर पहुंचेगी मेहमान टीम
चौबीस फरवरी को होने वाले मुकाबले के लिए श्रीलंका टीम के आने की पुष्टि हो गई है। यूपीसीए के सूत्रों के अनुसार टीम का 22 फरवरी को लखनऊ पहुंचना तय है। 23 को खिलाड़ी इकाना स्टेडियम में अभ्यास करेंगे और अगले दिन मुकाबला खेलेंगे। जहां तक भारतीय टीम का सवाल है तो अभी तक बीसीसीआई से उनके आने की तिथि नहीं मिली है। हालांकि पूरी सीरीज के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ी बायोबबल में रहेंगे ताकि संक्रमण के खतरे से खिलाड़ियों को दूर रखा जा सके।