घरेलू गैस वितरण की डायरेक्ट सब्सिडी बेनिफिट योजना (डीबीटीएल) में राजधानी के 8.50 लाख उपभोक्ताओं में से 6.78 लाख ही अब तक सीटीसी बन सके हैं।
ऐसे में 1.70 लाख उपभोक्ता 31 मार्च से पहले खाता लिंकअप कराने से चूक गए तो वे सब्सिडी वाले सिलेंडर पाना दूर, नई बुकिंग भी नहीं करा सकेंगे।
दरअसल एक जनवरी से लागू इस योजना के तहत खाता लिंकअप का ग्रेस पीरियड 31 मार्च को समाप्त हो जाएगा।
इसके बाद लिंकअप से चूके उपभोक्ताओं को बाजार दर पर सिलेंडर खरीदने पड़ेंगे। ग्रेस पीरियड खत्म होते ही ऐसे घरेलू गैस उपभोक्ताओं के सब्सिडी सिलेंडर वितरण पर रोक लग जाएगी।
घरेलू एलपीजी की सप्लाई से जुड़ी तीनों ही तेल कंपनियों ने ग्रेस पीरियड की उल्टी गिनती शुरू होने के साथ ही लिंकअप न कराने वाले कस्टमरों पर सख्ती शुरू करते हुए अघोषित तौर पर उनकी सब्सिडी सिलेंडरों की डिलीवरी और नई बुकिंग पर रोक लगानी शुरू कर दी है।
गैस एजेंसियां ऐसे उपभोक्ताओं को फोन कर डीबीटीएल लिंकअप के बारे में जानकारी दी रही हैं। साथ ही ऐसा नहीं कराने पर एक अप्रैल से सब्सिडी कोटे का सिलेंडर रोके जाने की चेतावनी भी दे रही हैं।