सरकारी अस्पतालों में स्टाफ नर्सों की कमी दूर करने के लिए जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को यह निर्देश चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए।
कहा, पैरामेडिकल स्टाफ की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर विपरीत असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जो चिकित्सक व स्टाफ समय से अस्पताल में नहीं आते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने डेंगू के रोगियों की जांच, उपचार और इस रोग से बचाव को लेकर जनता में जागरूकता लाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी अस्पतालों की बेहतर साफ-सफाई पर भी जोर दिया।
सीएम ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में दवाओं से लेकर सभी तरह की जांच मुफ्त कर दी गई है। उन्होंने समाजवादी स्वास्थ्य सेवा 108 और नेशनल एंबुलेंस सर्विस 102 को और दुरुस्त करने के लिए कहा है। एंबुलेंस समय से उपलब्ध हों, इसका ख्याल रखा जाए।