लखनऊ। हजरतगंज थाना परिसर स्थित महिला पुलिस स्टेशन में तैनात हेड कांस्टेबल शशि प्रिया ने पति पर ईंट से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर हजरतगंज पुलिस ने पति भानू बाजपेई, जेठ अमित और एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
विज्ञापन
शशि प्रिया के मुताबिक, छह अक्तूबर की रात करीब 12 बजे पति, जेठ और एक अन्य व्यक्ति थाने पहुंचे और वहां मौजूद महिलाओं से गाली-गलौज की। शनिवार शाम करीब छह बजे ड्यूटी के दौरान पति दोबारा थाने पहुंचा और ईंट फेंककर उनके सिर पर मार दी। इसके बाद उन्हें पीटने लगा। बीचबचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी आरोपी ने धक्कामुक्की और गाली-गलौज की। सहकर्मियों ने उसे काबू किया। घायल हेड कांस्टेबल को अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।