लखनऊ। ठाकुरगंज पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान तीन कार सवारों को पकड़ा। पकड़े गए कार सवारों में अस्पताल संचालक, उसका साला व चालक शामिल हैं। आरोपियों के कार से पुलिस ने हॉकी, देशी पिस्तौल, तमंचा, कारतूस और एल्यूमिनियम का केबल बरामद किया है।
प्रभारी निरीक्षक ठाकुरगंज हरिश्चंद्र के मुताबिक, हरदोई रोड स्थित चंद्रावती हॉस्पिटल के पास बुधवार रात चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान कार सवार तीन लोगों को रोका गया। कार में काकोरी के मनीष यादव, रविशंकर यादव व रजनीश यादव बैठे थे। मनीष, काकोरी में एक निजी अस्पताल का संचालक है। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से कारतूस, देशी पिस्टल, हॉकी, एल्युमिनियम केबिल और तमंचा बरामद हुआ है। आरोप है कि तीनों नशे में धुत थे और पुलिस से बदसलूकी भी की। पुलिस के मुताबिक, मनीष यादव एक राजनीतिक दल से जुड़ा है। तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस कार्रवाई कर रही है।