सीतापुर के कटरा मोहल्ले में एक घर पर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। टीनशेड पर तार गिरने से दस लोग झुलस गए। आनन-फानन में सभी को सीएचसी लहरपुर पहुंचाया गया, जहां पर छह लोगों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। चार की हालत नाजुक है।
लहरपुर कस्बे के कटरा स्थल निवासी सिराज अहमद के घर के पास से हाईटेंशन लाइन निकली है। शनिवार को बारिश के दौरान अचानक हाईटेंशन लाइन टूटकर घर पर गिर गई। टीनशेड के नीचे बैठे दस लोग करंट की चपेट में आकर झुलस गए।
चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और झुलसे गृहस्वामी सिराज अहमद, पत्नी रिजवाना, शाहनाज, मेहरीन, अबरार, इशरत बानो, आफाक, शाहनवाज, अरबाज व आमरीन को सीएचसी लहरपुर में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने गृहस्वामी सिराज अहमद, पत्नी रिजवाना, शाहनाज, मेहरीन, अबरार, इशरत बानो का उपचार के बाद घर भेज दिया। गंभीर रूप से झुलसे आफाक, शाहनवाज, अरबाज व आमरीन का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी। उधर, सूचना पर पावर कॉर्पोरेशन के अफसरों ने भी पहुंचकर मामले की जांच की।