यूपी के स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन ने मंगलवार को एक बार फिर सीएमओ व सीएमएस को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के खराब आचरण के कारण विभाग की बदनामी हो रही है। ऐसा करने वाले डॉक्टरों व कर्मियों को सरकार चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
उन्होंने बाहर से दवा लिखने वाले डॉक्टरों को फिर चेताया। कहा कि बाहर से सुई तक लिखी गई तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारियों व मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों के साथ एक होटल में विभाग की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा,अब भी कुछ डॉक्टर बाहर की दवा व जांच लिख रहे हैं। इन्हें सुधर जाना चाहिए।
भ्रष्टाचार का यह बड़ा स्रोत है, इसे हर हाल में खत्म होना चाहिए। डॉक्टर अस्पतालों में समय पर पहुंचें। मरीजों का इलाज करें और उनकी जांच अस्पताल से ही कराएं।