लखनऊ। कोरोना के नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अब थोड़ा अलर्ट हुआ है। सीएमओ के अधीन सभी सीएचसी पर अब एंटीजन किट से कोविड की जांच होगी। स्वास्थ्य विभाग ने केजीएमयू से कार्ड टेस्ट किट ली है। आगे के लिए ऑर्डर देकर कंपनी से किट मंगवाई जाएगी।
विज्ञापन
शहर में रविवार तक दो बुजुर्ग समेत चार लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी थी। ये मरीज आशियाना, शारदा नगर, डालीगंज और गोमती नगर में मिले हैं। चार मरीजों के मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। सीएमओ के अधीन 20 सीएचसी हैं। सभी सीएचसी पर अभी तक कोरोना की जांच की सुविधा नहीं थी। कॉरपोरेशन पास भी किट नहीं थी। स्वास्थ्य विभाग ने केजीएमयू से 200 किट लेकर सभी सीएचसी पर जांच की व्यवस्था शुरू कराई है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि लक्षण वाले मरीजों की जांच होगी। कार्ड टेस्ट पॉजिटिव आने पर आरटीपीसीआर जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि निविदा कराकर नई कंपनी से किट की खरीद होगी।