गुडंबा। जानकीपुरम की सचिवालय कॉलोनी में रहने वाले परिवहन विभाग के प्रधान सहायक शिवांकन बाजपेयी (32) ने सोमवार सुबह बीमारी से परेशान होकर कमरे में अवैध तमंचे से खुद को गोली मार ली। घायल हालत में उन्होंने सहयोगी को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची विकासनगर पुलिस ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। उनके पास मिले सुसाइड नोट में उन्होंने बीमारी के अलावा पारिवारिक समस्याओं का भी उल्लेख किया है।
थाना विकासनगर प्रभारी आलोक कुमार सिंह के मुताबिक, कानपुर निवासी शिवांकन बाजपेयी सचिवालय कॉलोनी के डी-32 मकान में पिछले दो वर्षों से अकेले रह रहे थे। सोमवार सुबह करीब 11 बजे खुद को अवैध तमंचे से बाईं ओर सीने में गोली मार ली। उसके बाद उन्होंने विभाग के सहयोगी को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शिवांकन खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उन्हें तुरंत ट्रॉमा सेंटर भेजा गया और परिजनों को सूचना दी गई। अस्पताल में उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मामले की जांच की जा रही है। शिवांकन के भाई शिवांध्र बाजपेयी ने बताया कि शिवांकन लंबे समय से हृदय रोग और उच्च रक्तचाप से पीड़ित थे। बीमारी के कारण वह अवसाद में थे। परिवार में मां है।