हार्दिक ने यूपी में महागठबंधन की वकालत की। कहा, बुरी ताकतों के खिलाफ दुश्मनों को भी दोस्त बन जाना चाहिए। यदि यूपी में सपा, बसपा, राष्ट्रीय लोकदल व कांग्रेस का गठबंधन बना तो भाजपा 10-11 सीटों तक सीमित रह जाएगी।
अखिलेश, जयंत दोस्त, यूथ लीडर्स का प्लेटफॉर्म बनाएंगे
हार्दिक ने कहा, अखिलेश यादव और जयंत चौधरी मेरे दोस्त हैं। मायावती से मुलाकात नहीं हुई लेकिन दो-तीन बार टेलीफोन पर बात हुई है। हरियाणा में दुष्यंत चौटाला, राजस्थान में सचिन पायलट दोस्त हैं। हम चाहते हैं कि देश में युवा आगे आएं, तभी राजनीति सही हो सकती है। देशहित में युवा नेताओं का प्लेटफॉर्म तैयार करने की कोशिश करेंगे।
हार्दिक पटेल ने कहा कि वह, जिग्नेश मेवानी और कन्हैया कुमार देश भर में संविधान बचाओ-देश बचाओ रैली कर रहे हैं। फरवरी में लखनऊ में रैली के साथ ही विधान भवन तक पैदल मार्च किया जाएगा। पटना में भी ऐसी ही रैली की जाएगी।
किसान क्रांति सेना के बैनर तले कार्यक्रम
यूपी में हार्दिक पटेल के कार्यक्रम किसान क्रांति सेना के बैनर तले हो रहे हैं। सेना के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश कटियार ने बताया कि शुक्रवार को सीतापुर में सभा हुई। शनिवार को कुशीनगर में जनसभा है। हार्दिक का बाराबंकी, फैजाबाद, आजमगढ़, जौनपुर, इलाहाबाद, प्रतापगढ़ समेत कई जिलों में जाने का कार्यक्रम है।