लखनऊ में चौक के यहियागंज स्थित भीमनगर प्राथमिक विद्यालय के गेट पर बुधवार शाम पुराना हैंड ग्रेनेड मिला। इससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने ग्रेनेड को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
एडीसीपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक भीमनगर में कूड़े के ढेर में ग्रेनेड मिला है। यह कहां से आया, कुछ पता नहीं। यह कबाड़ का हो सकता है। संभव है किसी ने कबाड़ समझकर फेंका हो।
हम इसका पता लगा रहे हैं। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। राजधानी के प्राथमिक विद्यालयों के आस-पास और अंदर असलहे मिलने का यह पहला मामला नहीं है।
इसके पहले हजरतगंज के नरही स्थित प्राथमिक विद्यालय में कारतूसों का जखीरा मिल चुका है। हालांकि, जांच में वह एनसीसी के कैडेटों का निकला।