अयोध्या में राज्यपाल ने परिवार समेत किया दर्शन पूजन
- फोटो : अमर उजाला
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल पंचम दीपोत्सव के दूसरे दिन अयोध्या धाम पहुंची। वह परिवार सहित यहां आई थीं, रामलला, हनुमानगढ़ी, कनक भवन का दर्शन पूजन और आरती के बाद सरयू घाट जाकर माता सरयू का आचमन भी किया।
वह गुप्तार घाट पर भी दर्शन पूजन करके निहाल हो उठीं। राज्यपाल हेलीकॉप्टर से राम कथा पार्क हेलीपैड पर उतरी़ थीं। बाद में एयरपोर्ट से चार्टर प्लेन से वाराणसी रवाना हो गईं।
राम कथा पार्क के पास हेलीपैड पर राज्यपाल की भाजपा के विधायकों, कार्यकर्ताओं और पुलिस महानिदेशक एसएन सावंत, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, सचिव मुख्यमंत्री सूचना संजय प्रसाद, मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक केपी सिंह, जिलाधिकारी नीतीश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों ने अगवानी की थी।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ उनके पुत्र, पुत्रवधू एवं परिवार के सदस्य भी रहे। महामहिम एवं उनके परिवार के लोगों द्वारा सर्वप्रथम रामलला का दर्शन एवं पूजन किया, मंदिर निर्माण की जानकारी ली, कनक भवन का पूजन व दर्शन किया।
हनुमानगढ़ी का दर्शन पूजन किया, मां सरयू की आरती एवं पूजन भी किया एवं दीपोत्सव स्थल राम की पैड़ी का भी अवलोकन किया। अधिकारियों को भव्य दीपोत्सव की बधाई भी दी। गुप्तार घाट स्थित भगवान श्रीराम एवं शेषावतार मंदिर का दर्शन पूजन किया, तत्पश्चात अयोध्या हवाई पट्टी से वाराणसी के लिए प्रस्थान किया।