उत्तर प्रदेश के अमौसी एयरपोर्ट पर कस्टम की टीम ने दुबई से लखनऊ पहुंचे तस्करों से तीन किलो सोना बरामद किया है, जिसकी कीमत डेढ़ करोड़ रुपये है। तस्कर सोने को रोलर स्केट्स के हत्थे, मीट कटिंग एवं मिक्सर मशीन तथा सोने के पेस्ट में ढालकर अंडरगारमेंट की इलास्टिक में छिपाकर ला रहे थे।
खास बात यह है कि पकड़े गए तस्करों में एक कोरोना पॉजिटिव निकला, जिसके बाद इस तस्करी का राज उजागर हुआ। अब विमान के सभी यात्रियों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग हो रही है और कस्टम की टीम भी कोरोना जांच करवाएगी।
दरअसल, चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। कस्टम की टीम लगातार कार्रवाई भी कर रही है। पर, कस्टम उपायुक्त निहारिका लाखा के नेतृत्व में गत शुक्रवार व शनिवार को कस्टम की टीम ने दुबई से लखनऊ पहुंचे पांच तस्करों को गिरफ्तार किया।
तस्कर दुबई से लखनऊ पहुंची एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट आईएक्स-1194 और इंडिगो की फ्लाइट 6ई-8457 से आए थे, जिनके पास से कुल 3191 ग्राम सोना बरामद किया गया है, जिसकी कुल कीमत 1,50,17,751 रुपये है।
सूत्रों की मानें तो कस्टम पूरे मामले को दबाए बैठी थी। जानकारी साझा करने के मूड में नहीं थी। अंदरखाने कुछ घालमेल की भी आशंका थी। पर, जब उन तस्करों में से एक कोरोना पॉजिटिव मिला तो डेढ़ करोड़ की तस्करी का मामला उजागर हो गया।
अंडर गारमेंट में छिपाकर ला रहा था सोना
कस्टम की टीम ने बताया कि तस्कर सोने को बेलनाकार व गोलाकार आकारों में ढालकर ला रहे थे। इसके अलावा रोलर स्केट्स के हत्थे, मीट कटिंग व मिक्सिंग मशीन की बॉडी में छुपाने के अतिरिक्त सोने के पेस्ट को अंडरगारमेंट की इलास्टिक में छिपाकर ला रहे थे। उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।