आग की लपटों का कहर जिले में बदस्तूर जारी है। गुरुवार को भी अलग-अलग स्थानों पर अग्निकांड में एक बालिका आग की लपटों में जिंदा जल गई। जबकि घर के बरामदे में बंधे मवेशियों को लपटों से बचाने के प्रयास में एक युवक झुलस गया।
आग की चपेट में आने से 26 मकान व 60 बीघा फसल जलकर राख हो गई। दो मवेशी भी जिंदा जल गए जबकि तीन झुलस गए हैं। पुलिस ने मृत बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तराई में आग की लपटें मुसीबत बनी हुई हैं। गुरुवार दोपहर में दो बजे के आसपास महसी तहसील अंतर्गत परसोहना गांव निवासी ननकऊ के घर में उस समय आग लग गई, जब परिवार के लोग दोपहर में खाना खाने के बाद घर में आराम कर रहे थे।
आग लगने की जानकारी होते परिवार के लोग तो भाग खड़े हुए। लेकिन घर में सो रही ननकऊ की बेटी फूलन (7) का ख्याल परिवार के सदस्यों को नहीं रहा। परिवारीजन गृहस्थी निकालने में जुट गए। इसी दौरान घर में सो रही फूलन का ख्याल पिता ननकऊ व मां जुगरा को आया तो सभी बिलख पड़े।
पिता ने घर में घुसने की कोशिश की तो उन्हें ग्रामीणों ने रोक लिया। इस दौरान गांव के लोग आग बुझाने में जुटे रहे। तभी लपटों ने पड़ोसी मेवालाल और राम खेलावन के मकान को भी आगोश में ले लिया।