लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर और भारतीय क्रिकेट टीम के सितारे सुरेश रैना लखनऊ के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में विश्व स्तरीय क्रिकेट अकादमी खोलने में रुचि दिखाई है। हाल ही में दोनों क्रिकेटरों ने स्टेडियम तैयार कर रही कंपनी इकाना स्पोर्ट्स के अफसरों से इस संबंध में संपर्क साधा है।
रैना जल्द लखनऊ आएंगे और यहां दी जाने वाले सुविधाओं और स्टेडियम की खासियतों के संबंध में जानकारियां लेंगे। अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम के ग्रेटर नोएडा में बेस कैंप बनने के बाद यूपी की क्रिकेट में ये नई खूबी जल्द ही जुड़ेगी।
शासन ने गोमती नगर विस्तार में स्टेडियम के निर्माण को और तेज करने के निर्देश एलडीए को दिए हैं। सीएम अखिलेश यादव की मंशा है कि वर्ष 2017 में हर हाल में आईपीएल क्रिकेट मुकाबला इस स्टेडियम में करवाया जाए। हालांकि पहले यहां 2016 का आईपीएल मैच कराने की मंशा थी। निर्देशों के बाद यहां निर्माण और तेज कर दिया गया है।
स्टेडियम में स्टैंड और मुख्य पैवेलियन का स्वरूप सामने आने लगा है। दावा किया जा रहा है कि स्टेडियम का लोकार्पण दिसंबर-2016 में हो जाएगा। इकाना स्पोर्ट्स सिटी के संचालकों का कहना है कि स्टेडियम में 65 फीसदी सिविल निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं।