लखनऊ। गोमतीनगर के विनय खंड में बसपा सरकार के पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद का परिवार रहता है। उनकी पत्नी हीरा देवी अहिरवार ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि उनके किराएदार ने सात महीने का किराया हड़प लिया। इसके बाद सामान लेकर भाग गया। पुलिस जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार के मुताबिक, पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद की पत्नी हीरा देवी विनयखंड-1 में रहती हैं। उन्होंने अपने मकान का निचला हिस्सा जिसमें आठ कमरे, लॉबी, किचन है। इसे पूरी तरह से फर्निश कराकर गाजीपुर के चंदिनी कंडेसर निवासी राजेश यादव को दिसंबर 2019 में किराए पर दिया था। राजेश ने इस हिस्से में गेस्ट हाउस खोल रखा था।
पिछले सात महीने से उसने लॉक डाउन का बहाना बनाकर किराया नहीं दिया। जबकि गेस्ट हाउस में लोग आते-जाते थे। उसका व्यापार भी चल रहा था। दो अक्तूबर 2020 की रात राजेश चोरी छिपे मकान में लगे दो एसी, 8 एलईडी टीवी, 4 गीजर, 18 कुर्सियां, दो गद्दे, 5 साइड टेबल, एक डाइनिंग टेबल, ओवन, एक आरओ निकालकर ले गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हीरा देवी की तहरीर पर राजेश यादव के खिलाफ अमानत में ख्यानात का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।