कृष्णानगर के सेक्टर-डी निवासी गंधर्व गौतम के पिता अनिल कुमार यूपी एग्रो में तैनात हैं। ठग ने अनिल को फोन कर खुद को यूपी एग्रो का महाप्रबंधक बताया। उसने अनिल को एक बैंक खाता संख्या भेजते हुए उसमें 50,000 रुपये भेजने को कहा। ठग के झांसे में आकर गंधर्व ने रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद ठग ने फिर से कॉल की और 5000 रुपये भेजने को कहा। गंधर्व को शक हुआ और उसने पिता से संपर्क किया। ठगी का पता चलते ही उसने पुलिस से संपर्क किया।
इसी तरह गोमतीनगर के विराजखंड निवासी मृदुल कुमार को ठग ने बैंककर्मी बनकर फोन किया और खाते की सारी जानकारी लेकर 38696 रुपये निकाल लिए। इंदिरानगर के कुर्मांचलनगर निवासी जया कार्की को भी ठग ने बैंक अधिकारी बनकर चूना लगा दिया। जया ने बताया कि ठग ने उनके खाते के बारे में जानकारी लेकर 4197 रुपये उड़ा दिए।
इसके अलावा गोमतीनगर के विपुलखंड में रहने वाले आयुष पांडेय के खाते से ठगों ने 10,000 रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग कर डाली। आयुष ने बताया कि वह बैंक की परीक्षा देने पीजीआई में वृंदावन कॉलोनी गया था जहां स्कूटर की डिग्गी तोड़कर चोरों ने एटीएम कार्ड व नकदी निकाल ली थी। उनके कार्ड से चोरों ने ऑनलाइन शॉपिंग कर डाली। पीड़ितों ने एफआईआर दर्ज करा दी है।