लखनऊ। तालकटोरा इलाके के एक व्यक्ति से 52 लाख रुपये की जालसाजी का मामला प्रकाश में आया है। प्रभारी निरीक्षक तालकटोरा वीर सिंह के मुताबिक, पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
पीड़ित ने तहरीर देकर बताया कि उसकी अपने से आधी उम्र की युवती से ऑनलाइन दोस्ती हुई। काफी दिन ऑनलाइन चैटिंग होती रही। युवती ने गत 22 मार्च को पर्सनल सर्विस के लिए एक महिला उपलब्ध कराने को कहा। पीड़ित के अनुसार, उसे लगा कि घरेलू कामकाज के लिए महिला भेजने को कहा है। युवती के कहने पर पीड़ित ने 800 रुपये उसके खाते में भेज दिए। इसके बाद जिस महिला को काम के लिए भेजने को कहा था, उसकी कॉल आई और उसने 16 हजार रुपये खाते में मंगाए। इसके बाद मिलने को कहा तो पीड़ित को शक हुआ। उसने मिलने से मना कर दिया। इसके बाद जालसाजों ने पीड़ित को बदनाम करने की धमकी देकर कई बार में करीब 52 लाख रुपये ठग लिए।