गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के बिछऊपुर गांव में जहरीली शराब के सेवन से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 को गंभीर अवस्था में अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी व संबंधित पुलिस चौकी के प्रभारी को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने बीमारों का निशुल्क इलाज कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा प्रमुख सचिव आबकारी आराधना शुक्ला के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक, एक प्रमुख आबकारी सिपाही व दो आबकारी सिपाहियों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने इस हादसे के बाद यह कहा है कि अवैध मदिरा तथा इससे संबंधित अपराधों के विरुद्ध अभियान चलाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को अवैध आबकारी कारोबार के विरुद्ध अभियान चलाकर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।