चिनहट तिराहे के पास बृहस्पतिवार सुबह करीब 11.30 बजे पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह की एसयूवी सामने जा रही ट्रैवेलर से टकरा गई। हादसे में एसयूवी की परखच्चे उड़ गये। वहीं पूर्व मंत्री व बसपा नेता और उनके साथी बाल-बाल बच गये। हादसे के बाद दूसरी गाड़ी से पूर्व मंत्री बस्ती के लिए निकल गये। वहीं हादसे में क्षतिग्रस्त गाड़ी को वर्कशॉप में भेज दिया गया।
बस्ती के हरैया से विधायक व सपा सरकार में कद्दावर मंत्री रहे राजकिशोर सिंह अपने परिवार के साथ इंदिरानगर के सर्वोदयनगर में विकास भवन केपास रहते हैं। हाल ही उन्होंने बसपा की सदस्या ज्वाइन की है। वह बस्ती के हरैया विधान सभा से चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह अपने चालक, गनर व निजी सहायक के साथ फार्रच्यूनर से बस्ती जा रहे थे। सुबह करीब 11.30 बजे चिनहट तिराहे पर पहुंचे थे।
वहां अचानक सामने जा रहे ट्रैवेलर ने ब्रेक लगा दिया। जिसके कारण चालक फार्रच्यूनर से नियंत्रण खो दिया। सामने ट्रैवेलर में जा टकराया। गाड़ी टकराते ही पूर्व मंत्री नीचे की तरफ झुककर खुद को बचा लिया। हादसा होते ही वहां भीड़ जुट गई। लोगों ने किसी तरह मंत्री व उनके साथियों को बाहर निकाला। कुछ देर तक वहीं रूके रहे। इसके बाद अपने परिवारीजनों को कॉल कर दूसरी गाड़ी मंगाई। जिससे वह बस्ती के लिए निकल गये। वहीं हादसे में क्षतिग्रस्त फार्रच्यूनर को वर्कशॉप भेज दिया गया।
वहीं इस हादसे के संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी गई। प्रभारी निरीक्षक चिनहट घनश्याम मणि त्रिपाठी के मुताबिक हादसे की सूचना पूर्व मंत्री या उनके समर्थकों द्वारा नहीं दी गई है। सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल होने के बाद हादसे की जानकारी मिली है। हादसे के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। पूर्व मंत्री या उनके समर्थकों द्वारा जो तहरीर दी जाएगी, उसके मुताबिक काम किया जाएगा।