लखनऊ। गोमतीनगर स्थित महिला आयोग के कार्यालय में सोमवार को मासिक बैठक में महिला सुरक्षा और महिला अपराधों के मामले में पुलिस की भूमिका पर मंथन हुआ। आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने ई-रिक्शा, टैक्सी चालकों की पहचान और मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने की मांग की।
डॉ. चौहान ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत राज्य के आला पुलिस अफसरों को पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि चालक की पहचान और मोबाइल नंबर की जानकारी होने पर किसी भी विपरीत परिस्थिति में पुलिस को सूचित किया जा सकेगा।
अपर पुलिस अधीक्षक रुक्मणि वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक विनोद कुमार यादव ने महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष प्रस्तुति दी। साथ ही घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, बाल शोषण, महिला हेल्प डेस्क की जानकारी दी। कार्यशाला में आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, चारु चौधरी और सदस्य हिमानी अग्रवाल, सुनीता श्रीवास्तव, अंजू प्रजापति, पूनम द्विवेदी आदि थे।