क्रिसमस की खुशियों को दोगुना करने वाले केक और बेकरी आइटम में मिलावट की बात सामने आई है। सोमवार को एफएसडीए की अलग-अलग टीमों ने ए-वन बेकर्स, गुड बेकरी, जेजे बेकर्स और मिस्टर ब्राउन बेकर्स के सेल्स आउटलेट और कारखानों पर एक साथ छापे मारे।
इस दौरान अलीगंज के सेक्टर एम स्थित एवन बेकर्स के यहां केक और बेकरी आइटम तैयार करने में एक्सपायर्ड एसेंस इस्तेमाल होता मिला।
वहीं, गुड बेकरी कीरीटेल शॉप और किचन में गंदगी मिलने पर अधिकारियों ने बेकरी संचालक को नोटिस जारी किया। टीम ने इन चारों बेकरी पर बिकने और तैयार होने वाले आइटमों के अलग-अलग 16 नमूने भी प्रयोगशाला जांच को सील किए।
खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन आयुक्त बादल चटर्जी के निर्देश पर एफएसडीए की अलग-अलग टीमों ने एक साथ इन बेकरी पर एक साथ छापा मारा।
ए-वन में मिला एक्सपायर्ड एसेंस
कार्रवाई के दौरान अलीगंज के सेक्टर एम स्थित ए-वन बेकर्स के वहां केक और बेकरी आइटम तैयार करने में एक्सपायर्ड एसेंस इस्तेमाल होता मिला।
एक माह पहले ही एक्सपायर्ड हो चुके एसेंस की 15 शीशियों को सील कर जांच को भेजा या है।
जांच टीमों ने ए-वन बेकर्स के सी-26 सेक्टर एम अलीगंज स्थित कारखाने से चेरी, चॉकलेट केक, नॉन डेयरी वेपिंग क्रीम और पनीर के नमूने लिए।
सरन चैम्बर पार्क रोड स्थित जेजे बेकर्स के कारखाने से केक टॉपिंग की क्रीम, प्रोपराइटरी फूड चॉकलेट, चॉकलेट केक और रेडी टू मैगों फीलिंग के नमूने सील किए।
वहीं, बी-35 सेक्टर पी अलीगंज स्थित मिस्टर ब्राउन बेकर्स के कारखाने से एप्पल ग्रीन कलर, ग्लेज, चॉकलेट, नॉन डेयरी टॉपिंग क्रीम के नमूने लिए।
कैसरबाग ओडियन सिनेमा रोड स्थित गुडबेकरी के कारखाने से नॉन डेयरी टॉपिंग क्रीम, चॉकलेट क्रीम मिक्चर, कलर मिक्स और केक व बेकरी आइटम बनाने में इस्तेमाल हो रहे मैदा का नमूना सील कर प्रयोगशाला जांच को भेजा गया है।
गुड बेकरी को 24 घंटे की मोहलत
गुड बेकरी की रीटेल शॉप और किचन में जांच टीम को गंदगी मिली। इस पर अधिकारियों ने बेकरी संचालक को नोटिस जारी कर 24 घंटे में खामियां दूर करने का निर्देश दिया।
जांच टीम से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि किचन में काम करने वाले कर्मचारी साफ-सुथरे नहीं थे। जिन बर्तनों में बेकरी आइटम तैयार किया जा रहा था, वे भी गंदे थे।
एफएसडीए आयुक्त के निर्देश पर सोमवार को चार प्रमुख बेकरी प्रतिष्ठानों पर छापे के लिए लखनऊ सहित आसपास के चार जिलों के एफएसडीए अधिकारियों की टीम गठित की गई थी।
इन टीमों तक से अंतिम समय तक कार्रवाई की गोपनीयता बनाए रखा गया था। सुबह करीब 11 बजे एफएसडीए मुख्यालय पर चारों टीमें जब इकट्ठा हुई तभी उन्हें इस बारे में जानकारी दी गई।