लखनऊ में मंगलवार को पांच नए कोरोना मरीज मिले। इनमें चार कैसरबाग और पांचवां भी यहीं के मछली मोहाल इलाके का है। कैसरबाग के चारों मरीज पॉजिटिव मिल चुके किराना कारोबारी के परिवार के हैं।
वहीं, मछली मोहाल निवासी बालिका की मां बाराबंकी में पॉजिटिव पाई गई थी। इसके साथ राजधानी में कुल मरीजों की संख्या 246 हो गई है, जिनमें 164 यहीं के मूल निवासी हैं।
तीन मई को कैसरबाग में दो सब्जी विक्रेेता और एक किराना व्यापारी पॉजिटिव मिला था। इनके परिवारों के लोगों के सैंपल लिए गए। मंगलवार को सब्जी विक्रेताओं के परिवारों की रिपोर्ट निगेटिव आई, लेकिन किराना कारोबारी के परिवार के चार लोग पॉजिटिव पाए गए। इनकी उम्र 27 से 35 वर्ष के बीच है।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इनका क्लोज कांटेक्ट सब्जी विक्रेता ही है। इसी तरह मछली मोहाल निवासी 12 साल की बालिका की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
यह परिवार मूल रूप से बाराबंकी के सिधौली का रहने वाला है। इसके सदस्य मछली मोहाल में भी रहते हैं। बालिका की मां दो दिन पहले पॉजिटिव पाई गई थी और उसे सुल्तानपुर में भर्ती कराया गया है।
परिवार के दो सदस्य बाराबंकी में क्वारंटीन हैं। बाराबंकी सीएमओ की सूचना पर परिवार के मछली मोहाल में रह रहे सात लोगों के सैंपल लिए गए थे, जिनमें बालिका पॉजिटिव मिली है।
खरगापुर और नक्खास में राहत
खरगापुर और नक्खास से राहत भरी खबर है। इन इलाकों के ज्यादातर सैंपल निगेटिव आए हैं। इसी तरह फूलबाग और नई बस्ती के सैंपल भी निगेटिव आए हैं।
हालांकि, सोमवार को विभिन्न इलाकों से लिए 95 सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है। वहीं, मंगलवार को 103 सैंपल लिए गए। इस तरह अभी 198 सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है। ज्यादातर सैंपल क्लोज कांटेक्ट और लक्षण के आधार पर लिए गए हैं।
कैसरबाग के 100 लोगों को क्वारंटीन करने की तैयारी
कैसरबाग में आठ मरीज मिलने के बाद यहां 100 लोगों को क्वारंटीन करने की तैयारी है। मोहल्लों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें जानकारी ले रही हैं।
जिनमें में एक भी लक्षण है या जो पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आए हैं, उनकी सूची तैयार की जा रही है। बुधवार से इलाके के लोगों को क्वारंटीन करना शुरू कर दिया जाएगा।
अमीनाबाद के नजीराबाद में रहने वाले बुजुर्ग को कोरोना संक्रमण की पुष्टि कुछ दिन पहले हुई थी। फिर नजीराबाद में अन्य लोग कोरोना संक्रमण की जद में आए। नजीराबाद से ही चंद कदमों की दूरी पर स्थित कैसरबाग सब्जी मंडी है।
यहां सब्जी दुकानदार कोरोना संक्रमित निकला। यहां भी कोरोना फैल गया है। दोनों जगह को मिलाकर 12 से अधिक लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। कैसरबाग सब्जी मंडी व आसपास इलाके में लगातार मरीज बढ़ रहे हैं।
सीएमओ डॉ नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि कैसरबाग इलाके से करीब 100 लोगों को बीकेटी के जीसीआरजी कॉलेज में क्वारंटीन किया जाएगा। टीमों की स्क्रीनिंग के आधार पर ही क्वारंटीन करने का काम होगा।
गर्भवती को कोरोना, लोकबंधु में चल रहा इलाज
वहीं लोकबंधु राज नारायण अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव गर्भवती महिला को भर्ती कराया गया है। वह मूल रूप से सीतापुर की निवासी है। किसी कोरोना पॉजिटिव गर्भवती के भर्ती होने का राजधानी में यह पहला केस है।
लोकबंधु में कोरोना के कुल 26 मरीज भर्ती हैं। यहां महिलाओं के लिए अलग से वार्ड की व्यवस्था है, जो लेबर रूम के ठीक बगल में बनाया गया है। सीतापुर निवासी एक महिला के पॉजिटिव पाए जाने पर उसे 26 अप्रैल को लोकबंधु अस्पताल भेजा गया है।
यह महिला परिवार के ही एक सदस्य के क्लोज कांटेक्ट में होने की वजह से पॉजिटिव हुई है। महिला करीब 22 हफ्ते की गर्भवती है। अस्पताल के निदेशक डॉ. डीएस नेगी ने बताया कि महिला की निगरानी के लिए गायनेकोलॉजिस्ट नेतृत्व में टीम लगी है। फिलहाल गर्भवती को किसी तरह की दिक्कत नहीं है।