लखनऊ। ठाकुरगंज टीबी संयुक्त अस्पताल में पहली बार घुटना प्रत्यारोपण किया गया। आयुष्मान योजना से बुजुर्ग का प्रत्यारोपण मुफ्त में किया गया। डॉक्टरों का दावा है कि बिना मांसपेशी को काटे छोटा सा चीरा लगाकर सर्जरी की गई। इससे खून कम बहा और मरीज अगले दिन चलने भी लगा। बुजुर्ग को जल्द अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
सीएमएस डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि मूल रूप से बलिया निवासी 82 वर्षीय लाल चंद्र गुप्ता करीब पांच वर्ष से घुटने के दर्द से परेशान थे। कई डॉक्टरों को दिखाने पर भी राहत नहीं मिली तो बेटे ने दिसंबर में उन्हें ठाकुरगंज टीबी संयुक्त अस्पताल की ओपीडी में आर्थोसर्जन डॉ. राजेश प्रजापति को दिखाया। मरीज को चलने-फिरने के साथ ही नित्यक्रिया में परेशानी हो रही थी।
उम्र ज्यादा होने से ऑपरेशन से पहले डॉक्टरों का पैनल बनाकर सभी अंगों की जांच करवाई गईं। इसकी रिपोर्ट सामान्य आने के बाद बेहोशी के डॉक्टर की अनुमति पर घुटना प्रत्यारोपण की तैयारी की गई। सोमवार को एक घुटने का प्रत्यारोपण किया गया। छोटे से चीरे से बिना मांसपेशी काटे ऑपरेशन करने से रक्तस्राव बहुत कम हुआ। इससे पैर में सूजन और दर्द बहुत कम हुआ। सीएमएस ने आर्थोसर्जन डॉ. राजेश प्रजापति, एनेस्थीसिया के डॉ. शाहिद अंसारी, नर्सिंग अफसर नीतू मिश्रा व अलका वर्मा को घुटना प्रत्यारोपण पर बधाई दी है।