लखनऊ के बाहरी और घनी आबादी में कई जगहों पटाखा के वैध व अवैध कारोबार फैलें हैं। इन कारोबारियों के लापरवाही का खामियाजा कई लोगों को अपनी जान गवां कर देनी पड़ती है। राजधानी में अब तक 12 विस्फोट के हादसों में 38 लोगों की जान जा चुकी है। जबकि 30 से अधिक लोंगो को शारीरिक नुकसान उठाना पड़ा। लेकिन इन हादसों के बाद भी कोई सबक नहीं लिया गया। यहां तक कि प्रशासनिक अमला भी ऐसे मामलों में संवेदनशीलता नहीं दिखाता है। जबकि खुफिया विभाग ने राजधानी के सात पटाखा फैक्ट्री के लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट दे दी। रिकार्ड में प्रशासन ने लाइसेंस को निरस्त कर दिया लेकिन इनमें ज्यादातर ने अवैध रूप से पटाखों का निर्माण कार्य जारी रखा है।
लखनऊ का सबसे बड़ा पटाखा विस्फोट कांड 20 सितंबर 2014 को हुआ था। मोहनलालगंज के सिसेंडी इलाके में पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ। जिसमें 16 लोगों को जान गवानी पड़ी थी। इस हादसे में 20 लोग घायल हुए थे। जिनमें से ज्यादातर लोगों के शरीर का कोई न कोई हिस्सा बेकार हो गया। पटाखा कारोबार ग्रामीण इलाकों में गोसाईंगंज के अमेठी कस्बा, नगराम के गढ़ी व चौखंडी, बीकेटी के सरैंया बाजार, सुशांत गोल्फ सिटी का अहिमामऊ, मोहनलालगंज के मौरावां, मऊ, सिसेंडी प्रमुख रुप से शामिल हैं। वहीं शहरी इलाकों में वजीरगंज, बाजारखाला, चौक, रकाबगंज पुल के आसपास पटाखों का कारोबार होता है। जहां दुकान व गोदाम भी बनाए गये हैं।
पटाखों से हुए अब तक के बड़े हादसे
- 1998 में सिसेंडी में पटाखा बनाते समय हुए धमाके में तीन लोगों की मौत
- 2003 में अमेठी के मोती का तालाब में रियाजुल की फैक्ट्री में बारूद पीसते समय विस्फोट से महिला की मौत
- 2004 में गोसाईगंज कस्बे में पटाखा बनाते समय हुए विस्फोट में एक की मौत
- 2004 में मऊ में पटाखा बनाते समय हुए धमाके से एक घायल
- 2008 में जैती खेड़ा में धमाके से एक की मौत
- 2012 में कनकहा में पटाखा फैक्ट्री मे धमाके से दो की मौत व महिला समेत दो घायल ।
- 18 जून 12 पारा के गांव सलेमपुर पतौरा में पटाखा फैक्ट्री के गोदाम में विस्फोट, मां-बेटे की मौत
- 28 सितंबर 12 पारा के गांव बादर खेड़ा में पटाखों के गोदाम में धमाका, दो बहनों की मौत
- 15 मार्च 14 अमेठी के मोती तालाब में रियाजुल की फैक्ट्री में धमाका, छह की मौत
- 20 सितंबर 14 मोहनलालगंज के गांव सिसेंडी में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट 16 की मौत, 20 घायल
- 13 सितंबर 15 पारा के डॉक्टर खेड़ा श्रीनाथनगर में पटाखों के विस्फोट से मकान उड़ा। बेटी समेत दंपती की मौत।
- 10 अप्रैल 19 को मोहनलालगंज कस्बा में पटाखों के धमाका हुआ था। जिसमें मारूफ व शकील घायल हो गये थे। शकील की दस दिन बाद मौत हो गई थी।