लखनऊ। विकासनगर इलाके में रविवार रात एक बरात में दूल्हे की कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। हालांकि सूचना पर दमकल लेकर पहुंचे अग्निशमन कर्मचारियों ने कुछ ही देर में आग बुझा दी।
गुडंबा के सीमांत नगर, कल्याणपुर निवासी चेतन आनंद दुबे लखनऊ विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रहे हैं। रविवार को चेतन की बरात विकासनगर स्थित कल्याण मंडप जा रही थी। दूल्हा बने चेतन, तिलक में उपहार में मिली कार में सवार थे। इसी गाड़ी में उनकी बहनें भी बैठी थीं। बैंड की धुन पर बराती नाच रहे थे। तभी चेतन की गाड़ी के बोनट से तेज धुआं निकलने लगा।
चेतन गाड़ी से उतरे ही थे कि अचानक लपटें उठने लगीं। इससे बरात में हड़कंप मच गया। आनन-फानन गाड़ी में बैठी महिलाओं को भी उतारा गया। साथ ही फायर कंट्रोल रूम में सूचना दी गई। इस पर गाजीपुर फायर स्टेशन से दमकल लेकर पहुंचे शेर अली व उनकी टीम ने आग पर काबू पाया। शॉर्ट-सर्किट से गाड़ी में आग लगने की आशंका जताई जा रही है।