लखनऊ के नादरगंज पावर हाउस में करंट ट्रांसफॉर्मर फटने से यार्ड में आग लग गई। इस घटना से कानपुर रोड स्थित करीब 10 हजार उपभोक्ताओं के सामने बिजली संकट उत्पन्न हो गया।
राजधानी लखनऊ के कानपुर रोड पर स्थित नादरगंज पावर हाउस में बृहस्पतिवार को दोपहर करीब 1:00 बजे जोरदार धमाका होने के बाद यार्ड में आग लग गई। आग के विकराल रुप धारण करने से पहले दमकल टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पा लिया।
विज्ञापन
हालांकि कानपुर रोड के 10 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं के सामने बिजली संकट की समस्या उत्पन्न हो गई है । अभियंताओं और कर्मचारियों की टीम इस संकट से उपभोक्ताओं को उबारने और व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे हैं ।
नादरगंज खंड के अधिशासी अभियंता अविनाश कुमार ने बताया की सीटी यानी करंट ट्रांसफॉर्मर के फटने से उसका तेल यार्ड में फैल गया जिससे आग लगी। उन्होंने बताया 3:00 बजे तक 50 फीसदी उपभोक्ताओं की बिजली चालू कर दी जाएगी लेकिन स्पोर्ट्स अथॉरिटी परिसर के स्वतंत्र फीडर की बिजली चालू होने में समय लगेगा। इसकी वजह आग के कारण 11000 वोल्ट का केबल झुलस गया है।