इंटौजा टोल के पास हुए हगामें में क्षतिग्रस्त बाइक।
बख्शी का तालाब। इटौंजा टोल पर शनिवार को लगभग ढाई बजे फास्ट टैग लगाने को लेकर दो वेंडरों के बीच कहासुनी के बाद जमकर हंगामा हुआ। दोनों तरफ से मारपीट और तोड़फोड़ की गई। एक पक्ष ने हमले और कैनोपी तोड़ने, दूसरे पक्ष ने फायरिंग, आग लगाने का आरोप लगाया है। मारपीट के दौरान दो लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
इटौंजा टोल के पास शनिवार को लगभग ढाई बजे फास्ट टैग लगाने का काम करने वाले शाहपुर निवासी विपिन सिंह और करौंदी निवासी दिल बहादुर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पहले दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज हुई। इसके बाद दोनों तरफ से कई लोग जमा हो गए। अचानक हुई इस घटना से टोल प्लाजा के पास अफरा-तफरी मच गई। विपिन के भाई देवेश सिंह का आरोप लगा है कि उनके छोटे भाई विपिन सिंह पर कुछ लोगों ने लोहे की राड, डंडे से हमला किया। काउंटर और कैनोपी तोड़कर फेंक दिया। उसमें रखे दो हजार रुपये भी निकाल लिए। वहीं दूसरे पक्ष से दिल बहादुर निवासी का आरोप है कि विपिन सिंह पक्ष के लोगों ने फायरिंग किया धारदार हथियारों से उन पर हमला किया।
फास्ट टैग लगाने वाले शिवम की दुकान में तोड़फोड़ कर आग लगा दिया और दो बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दीं। मारपीट में दीपेंद्र का सिर फट गया। प्रभारी निरीक्षक इटौंजा मार्कंडेेय यादव ने बताया कि घायल दिल बहादुर और दीपेंद्र का इटौंजा सीएचसी पर मेडिकल करवाया गया है। दोनों पक्षों की ओर से केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टोल प्लाजा के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से घटना में शामिल लोगों के बारे में पता लगा रही है।