मधुबन थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री के साथ हुए दुराचार की शिकायत की तो आरोपियों ने उसकी पिटाई कर लहूलुहान कर दिया। पीड़ित जिला अस्पताल में मौत से जंग लड़ रहा है, जबकि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।
पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। बाकी जल्द पकड़ लिए जाएंगे। पीड़ित व्यक्ति की 16 साल की बेटी के साथ पड़ोस के युवक ने 12 दिसंबर को दुराचार किया था।
किशोरी के पिता ने पुलिस से शिकायत की तो आरोपी और उसके परिवार के सदस्य दबाव बनाने लगे। मामले को समझौते से हल कराने और पंचायत कराकर माफी मांगने के लिए 24 दिसंबर की तिथि तय कर दी। किशोरी का पिता जब समझौते पर राजी नहीं हुआ तो 24 दिसंबर को ही आरोपी और उसके पक्ष के अन्य लोगों ने उसकी राड से पिटाई कर दी।
पीड़ित का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। उसके दोनों हाथ एवं एक पैर में फ्रैक्चर हो गया है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ल के यहां शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस ने 25 दिसंबर को विवेकानंद, रेनू, जगदंबा, सत्यप्रकाश, चंद्रप्रकाश सहित सात के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
उधर, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार के सदस्यों में दहशत है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष परमानंद मिश्र का कहना है कि एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। बाकी की तलाश की जा रही है।