मुख्य सचिव जावेद उस्मानी ने अधिकारियों को गोदामों में रखे आलू पर भी किसानों को ऋण सुविधा मुहैया कराने का निर्देश दिया है।
साथ ही आलू किसानों को सुरक्षा और सुविधा तथा अच्छे भाव दिलाने को ‘आलू विकास नीति’ बनाने को भी कहा है। मुख्य सचिव गुरुवार को यहां आलू उत्पादन पर बैठक कर रहे थे।
उस्मानी ने अधिकारियों को वर्ष 2014 के लिए आलू विकास नीति बनाने को कहा। साथ ही हिदायत दी कि इस नीति की समीक्षा कृषि उत्पादन आयुक्त द्वारा की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गोदामों में रखे आलू पर भी किसानों को कर्ज मुहैया कराया जाए। जिससे वह खेती-किसानी की जरूरतों के लिए सस्ते दाम पर आलू बेचने को मजबूर न हो।
उन्होंने सूबे के आलू की गुणवत्ता को विश्वस्तरीय बनाने के लिए मंडी परिषद को पोटेटो ग्रेडर तथा ग्रेडिंग पैकिंग शेड एवं शीतगृहों का निर्माण कराने का निर्देश दिया। साथ ही पेस्टीसाइड्स पर नियंत्रण रखने को गुणवत्ता नियंत्रण लैब स्थापित करने को कहा।
मुख्य सचिव ने आलू किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए ढुलाई भाड़े में अनुदान देने को कहा। साथ ही किसानों को आलू का अच्छा बीज मुहैया कराने के निर्देश दिए।