लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को हरी झंडी मिलते ही खाड़ी देश जाने वाले यात्रियों के लौटने का कारवां शुरू हो गया है। उनकी संख्या बढ़ने लगी है। अमौसी एयरपोर्ट रोजाना करीब तीन हजार यात्रियों की आवाजाही हो रही है। फ्लाइटें फुल हैं, जिससे किराया भी आसमान पर पहुंच गया है।
कोरोना के हालात सामान्य होने के बाद नागरिक उड्डयन मंत्री ने हाल ही में इंटरनेशनल फ्लाइटों को भी बहाल कर दिया है। अमौसी एयरपोर्ट से दुबई व शारजाह की नॉनस्टॉप उड़ानों सहित सात देशों के लिए फ्लाइटें शुरू होने से यात्रियों को काफी राहत हो गई है। लखनऊ में रहने वाले काफी लोग खाड़ी देशों में काम करते हैं, ऐसे में हालात सामान्य होते ही उनकी वापसी शुरू होने से विमानों में सीटें तेजी से भर रही हैं। शुक्रवार की लखनऊ से दुबई की इंडिगो की दोपहर 1.35 बजे रवाना होने वाली नॉनस्टॉप फ्लाइट संख्या 6ई-1087 का किराया 22926 रुपये तो शारजाह की नॉनस्टॉप फ्लाइट का किराया 24425 रुपये पहुंच गया है। यह उड़ान रात 9.35 बजे शारजाह के लिए रवाना होती है। लखनऊ से दम्माम की इंडिगो की फ्लाइट का किराया 29724 रुपये पहुंचा है। यह सुबह 6.10 बजे अमौसी एयरपोर्ट से रवाना होती है। ऐसे ही अमौसी एयरपोर्ट से आबूधाबी जाने वाली इंडिगो की कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया 23221 रुपये तक पहुंचा है। यह फ्लाइट सुबह 8.40 बजे अमौसी से उड़ान भरती है। ऐसे ही लखनऊ से जेद्दा जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-626 दोपहर 1.55 बजे उड़ान भरती है, जिसका किराया 38957 रुपये तक पहुंच गया है, जबकि दूसरी कनेक्टिंग उड़ानों का किराया 48 हजार रुपये तक है। लखनऊ से मस्कट की एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-432 दोपहर 2.05 बजे टेकऑफ करती है। इसका किराया 19243 रुपये एवं लखनऊ से रियाद की गोएयर की कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया 47 हजार रुपये पार पहुंच गया है।
कोविड प्रोटोकॉल बरकरार
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार लखनऊ से खाड़ी देशों में जाने वाले यात्रियों के लिए आरटीपीसीआर रिपोर्ट अनिवार्य है। वहीं खाड़ी देशों से लखनऊ लौटने पर भी उनकी कोविड जांच होती है। रिपोर्ट आने पर ही यात्री एयरपोर्ट परिसर से बाहर जा रहे हैं।
120 उड़ानें हैं इस हफ्ते
खाड़ी देशों के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के शुरू होते ही यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। यही वजह है कि एयरलाइंस भी पूरी क्षमता से संचालन पर उतर आई हैं। पहली से सात अप्रैल के बीच हफ्तेभर में अमौसी से 120 उड़ानों की आवाजाही है। इसमें एयर इंडिया, इंडिगो, सलाम एयर, फ्लाई दुबई, फ्लाइनाज आदि एयरलाइंस की उड़ानें शामिल हैं।