लखनऊ। मोबाइल फोन अब हर घर की जरूरत बन चुका है। इससे कई काम आसान हुए हैं, मगर अत्यधिक इस्तेमाल से नई और गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं। मोबाइल का अधिक उपयोग बच्चों की बौद्धिक क्षमता घटाने के साथ उनकी बोलने की क्षमता भी कमजोर कर रहा है, उन्हें तोतला बना रहा है। यह कहना है केजीएमयू के मनोरोग विभागाध्यक्ष प्रो. विवेक अग्रवाल का।
केजीएमयू के मनोरोग विभाग में पांच वर्ष से कम उम्र के 134 बच्चों पर अध्ययन किया गया। अध्ययन में सामने आया कि बच्चे रोजाना तीन से चार घंटे मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो सामान्य से दो से तीन गुना अधिक है।
प्रो. विवेक अग्रवाल के अनुसार, पांच वर्ष से कम उम्र बच्चों के मस्तिष्क विकास का सबसे अहम चरण होता है। इसी उम्र में मस्तिष्क में तेजी से न्यूरल कनेक्शन बनते हैं, जो भाषा, तर्कशक्ति और सामाजिक समझ की नींव होते हैं। ऐसे में मोबाइल का अत्यधिक उपयोग बच्चों की भाषाई क्षमता को प्रभावित कर रहा है। कई बच्चे सही तरह से बोल नहीं पा रहे हैं, शब्दों के उच्चारण में परेशानी हो रही है।
मोबाइल के अधिक इस्तेमाल से बच्चों की हाथों की मांसपेशियां भी कमजोर हो रही हैं, मोटापा बढ़ रहा है और सामाजिक व्यवहार भी प्रभावित हो रहा है।
ऑटिज्म पीड़ित बच्चों में ज्यादा गंभीर असर
मोबाइल इस्तेमाल की अवधि जानने के लिए किए गए इस अध्ययन में पांच वर्ष से कम उम्र के 67 ऑटिज्म पीड़ित और 67 सामान्य बच्चों को शामिल किया गया। अध्ययन में पाया गया कि ऑटिज्म पीड़ित बच्चे रोजाना करीब चार घंटे मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे हैं। डेढ़ साल तक चले इस अध्ययन में यह भी सामने आया कि अधिक मोबाइल उपयोग से बीमारी की गंभीरता बढ़ रही है। प्रो. अग्रवाल ने चेतावनी दी कि इस स्थिति में अभिभावकों को समय रहते सतर्क होना बेहद जरूरी है।
मन बहलाने के लिए फोन देना बन रहा खतरा
मनोचिकित्सक प्रो. विवेक अग्रवाल का कहना है कि अधिकांश अभिभावक बच्चों का मन बहलाने के लिए मोबाइल थमा देते हैं। शुरुआत में वे इस पर ध्यान नहीं देते, लेकिन जब दिक्कतें बढ़ जाती हैं, तब तक इलाज की नौबत आ जाती है। एक बार मोबाइल की लत लग गई तो समस्याएं और गंभीर हो जाती हैं।
अभिभावकों के लिए जरूरी कदम
बच्चों को मोबाइल के दुष्प्रभावों के बारे में समझाएं।
खुद मोबाइल का सीमित इस्तेमाल करें, ताकि बच्चे सीख ले सकें।
घर में मोबाइल उपयोग को लेकर स्पष्ट नियम बनाएं।
रोजाना एक से दो घंटे बिना मोबाइल के परिवार के साथ समय बिताएं।