वर्चुअल करेंसी बिटकॉइन के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के मास्टर माइंड पुणे और इलाहाबाद में बैठे हैं। एसटीएफ सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार को पकड़ा गया इलाहाबाद का अजहद उर्फ अरशद सिर्फ मोहरा है। गिरोह का संचालन इंजीनियरिंग के छात्र कर रहे हैं। एसटीएफ छात्रों का ब्योरा खंगाल रही है।
एएसपी डॉ. त्रिवेणी सिंह का कहना है कि अजहद से जल्द पूछताछ करके गैंग के बारे में और जानकारियां जुटाई जाएंगी। शुरुआती पूछताछ में इलाहाबाद में इंजीनियरिंग के चार छात्रों के बारे में पता चला है। एसटीएफ की इलाहाबाद इकाई और स्थानीय पुलिस उन्हें तलाश रही है। पुणे के भी कुछ इंजीनियरिंग छात्र गिरोह से जुड़े हैं। हरियाणा में भी गिरोह की सक्रियता सामने आई है।