इंदिरा नगर के भूतनाथ मार्केट व विभूति खंड के कब्रिस्तान से अतिक्रमण अब जिला प्रशासन की अगुवाई में हटाया जाएगा।
जिलाधिकारी अनुराग यादव के निर्देश पर 16 अगस्त से एसीएम पंचम की निगरानी में एलडीए, नगर निगम व पुलिस विभाग संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाएंगे।
इस बाबत एसीएम पंचम ट्रांसगोमती आरके गौतम ने सोमवार को एलडीए व नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर अवैध कब्जा हटवाने में आ रही दिक्कतों को जाना।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्रीय लोगों के विरोध प्रदर्शन के कारण चिन्हित होने के बावजूद अतिक्रमण हटाया नहीं जा पा रहा है।
दोनों ही इलाकों में अवैध कब्जेदार एकजुट हो कर विरोध करने लगते हैं। इस दौरान दस्ते के साथ अभद्रता के साथ ही मारपीट से भी नहीं चूकते।
एसीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए इंदिरा नगर के भूतनाथ मार्केट व गोमती नगर के विभूति खंड स्थित कब्रिस्तान से अवैध कब्जेदारों को हटाने के लिए 16 अगस्त से संयुक्त टीमें गठित कर अतिक्रमण विरोध अभियान चलाने का निर्देश दिया।
एसीएम पंचम ने बताया कि इस दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। अभियान से पहले अवैध कब्जेदारों की वास्तविक संख्या की पूरी जानकारी मुहैया कराने के भी निर्देश दिए।
मालूम हो कि भूतनाथ मार्केट में अवैध ठेले लगाने वालों से लेकर फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले और विभूति खंड स्थित कब्रिस्तान की जमीन पर भी अवैध दुकानों बनाने वाले अतिक्रमण हटाने पहुंचे दस्ते को खदेड़ चुके हैं।