रोजगार मेला आज, 300 पदों पर होगी भर्ती
लखनऊ। अलीगंज स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में सोमवार को रोजगार मेला लगेगा। यहां टाटा सहित अन्य कंपनियां शामिल होंगी। चयन होने पर कंपनी की ओर से 20 हजार रुपये महीने तक का वेतन दिया जाएगा। साथ ही दोपहर का खाना, मेडिकल व पीएफ की सुविधा दी जाएगी।
आईटीआई के प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि रोजगार मेले में टाटा मोटर्स, एडेप्ट इंडिया और जेबीएल कंपनियां शामिल होंगी। लखनऊ, हरियाणा व अन्य राज्यों के लिए कंपनियों की ओर से करीब 300 पदों पर भर्ती ली जाएगी। टाटा कंपनी में अप्रेंटिसशिप और अन्य कंपनियों में ट्रेनी पद के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई और डिप्लोमा इंजीनियरिंग के विद्यार्थी रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं। कंपनी शैक्षिक योग्यता के आधार पर वेतन देगी। साक्षात्कार, दस्तावेज और मेडिकल जांच के आधार पर चयन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी आईटीआई परिसर में सुबह 10 बजे से शामिल हो सकते हैं।