बिजली उपभोक्ता मीटर रीडिंग में हेराफेरी न कर सकें इस पर मीटर पर खास डिवाइस लगायी जाएगी। यही नहीं हैंड हेल्ड मशीन के बजाय अब मोबाइल से बिल जनरेट कर दिया जाएगा।
मध्यांचल निगम ने पहली बार एक जोन और एक बिलिंग कंपनी की तर्ज पर डोर टू डोर मीटर रीडिंग कराकर बिल जनरेट करने का ठेका चंडीगढ़ की कंपनी ‘कॉम्प्टेंट सिनर्जी’ को दिया है। यह कंपनी डिवाइस के जरिये लगभग नौ लाख उपभोक्ताओं के बिजली बिल बनाएगी।
एक सितंबर से यह कंपनी अमीनाबाद से बिलिंग का शुभारंभ करेगी। इसके बाद छह अन्य खंडों की जिम्मेदारी दी जाएगी।‘कॉम्प्टेंट सिनर्जी’ कंपनी अमीनाबाद के बाद हुसैनगंज, चौक, रेजीडेंसी, ठाकुरगंज, आलमबाग एवं कानपुर रोड खंडी के करीब डेढ़ लाख उपभोक्ताओं की बिलिंग शुरू करेगी।
कंपनी को एक बिल के एवज में लेसा नौ रुपये का भुगतान करेगा। यह कंपनी अभी कानपुर शहर, बहराइच एवं सुल्तानपुर में उपभोक्ताओं की बिलिंग कर रही है। यह कंपनी हैंड हेल्ड मशीन के बजाय खुद के मोबाइल से बिलिंग करेगी।
मोबाइल से छोटा प्रिंटर कनेक्ट होगा। कंपनी का कर्मचारी जब उपभोक्ता का बिल बनाने जाएगा तो मोबाइल एवं मीटर पर लगी डिवाइस का कनेक्शन करेगा। जिससे मीटर में जितनी रीडिंग होगी उतने का बिल जनरेट हो जाएगा। ऐसे में कोई मीटर की रीडिंग से छेड़छाड़ करने की कोशिश करेगा तो डिवाइस उसकी गवाही देगी।