प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को नोएडा अथॉरिटी के पूर्व चीफ इंजीनियर यादव सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई करते हुए उसकी 5.90 करोड़ की संपत्ति अटैच कर ली है।
अटैच संपत्तियों में इंडियन ओवरसीज बैंक नोएडा में जमा 4.6 करोड़ रुपये, मथुरा और गौतमबुद्धनगर स्थित दो-दो संपत्ति और दिल्ली स्थित एक ऑफिस शामिल है।
ये सभी संपत्तियां यादव सिंह की पीजीपी चैरिटेबल ट्रस्ट के नाम पर हैं। इस ट्रस्ट की ट्रस्टी उसकी पत्नी कुसुमलता है।
ईडी ने यादव दंपती और पीजीपी ट्रस्ट के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए कोर्ट में अर्जी भी दाखिल की है। ईडी सूत्रों के मुताबिक आगे की कार्रवाई में यादव सिंह की और संपत्तियां अटैच की जा सकती हैं।