कोविड संक्रमण से प्रभावित लखनऊ के डीएम अभिषेक प्रकाश के ड्यूटी पर लौटने के बाद शासन ने लखनऊ की कार्यवाहक डीएम डॉ. रोशन जैकब को जिले का प्रभारी अधिकारी नियुक्त कर दिया है। कोविड-19 संक्रमण से बचाव व इलाज से संबंधित व्यवस्था में वे राजधानी प्रशासन को नेतृत्व देती रहेंगी।
अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक मुकुल सिंघल ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। सिंघल ने कहा है कोविड-19 के संक्रमण की स्थिति के मद्देनजर इसके रोकथाम, बचाव व उपचार की व्यवस्था के अनुश्रवण व समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए डॉ. रोशन को जिले का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे अगले आदेशों तक सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम व इससे बचाव के लिए उचित दिशा-निर्देश जिला प्रशासन को देंगी।
डीएम सहित जिला प्रशासन की समस्त इकाइयां, चिकित्सा व पुलिस विभाग के समस्त अधिकारी डॉक्टर रोशन को पूर्ण सहयोग देंगे। सचिव भूतत्व व खनिकर्म डॉ. रोशन ने प्रभारी जिलाधिकारी के रूप में संक्रमण की रोकथाम, संक्रमित लोगों के भर्ती व इलाज में आने वाली मुश्किलों को चिह्नित कर उसका समाधान कराने की पहल की। उन्होंने मरीज भर्ती में सीएमओ पर्ची की आक्रोश बढ़ाने वाली व्यवस्था खत्म करवाया।
प्राइवेट पैथोलॉजी से जांच में मुश्किलों को दूर कराया व शुल्क तय करने से लेकर निजी चिकित्सालयों में 90 प्रतिशत बेड पर सीधी भर्ती की व्यवस्था कर लोगों को बड़ी राहत का रास्ता निकाला। राजधानी में जीवन रक्षक दवाओं व ऑक्सीजन की कालाबजारी पर भी कड़ी कार्रवाई शुरू करवाई। अव्यावहारिक व्यवस्था व दवाओं की कालाबाजारी से नाराज लोगों में इन कार्यों का सकारात्मक असर हुआ। बहुत कम समय में डॉ. रोशन जिले में संवेदनशील प्रशासक की छाप छोड़ने में सफल रही हैं।