लखनऊ। यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू होने से पहले दसवीं के परीक्षार्थियों के लिए रविवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक कार्यालय में विज्ञान चेतना हेल्पलाइन शुरू हुई। विशेषज्ञों ने विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, व सामाजिक विषय में अच्छे अंक प्राप्त करने के टिप्स दिए। उप शिक्षा निदेशक रेखा दिवाकर ने कहा कि हाईस्कूल के विद्यार्थी पहली बार बोर्ड परीक्षा में बैठ रहे हैं। ऐसे में वह तनाव न लें, खुशी मन से परीक्षा दें। हेल्पलाइन की मॉनीटरिंग कर रहे मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि लखनऊ मंडल के बाहरी जिलों से भी परीक्षार्थियों ने सवाल पूछे। जिनका समाधान भौतिक विज्ञान विशेषज्ञ रोहित कुमार, जीव विज्ञान विशेषज्ञ अखिलेश भार्गव, रसायन विज्ञान विशेषज्ञ अतेंद्र कुमार सिंह, सामाजिक विज्ञान विशेषज्ञ आकांक्षा पाठक, अंग्रेजी विशेषज्ञ भावना मौर्या आर्य, गणित विशेषज्ञ आयुष्मान ने किया।
परीक्षार्थियों ने पूछे ये सवाल
प्रश्नः जीव विज्ञान में आरेख बनाते समय किन बातों का ध्यान रखें? -पूजा
उत्तरः चित्र पेंसिल से बनाएं और उसमें लेबलिंग अवश्य करें।
प्रश्नः प्रश्नों के उत्तर याद करने का आसान तरीका बताएं? - स्नेहिल
उत्तरः प्रश्नों के उत्तर लिखकर याद करने का अभ्यास करें।
प्रश्नः जीव विज्ञान में कुछ महत्वपूर्ण टॉपिक के बारे में बताएं? - रुचि
उत्तरः पौधों और जंतुओं में जनन, उत्सर्जन, पाचन नियंत्रण एवं समन्वय, हमारा पर्यावरण ध्यान दें।
प्रश्नः रासायनिक अभिक्रियाओं को किस प्रकार तैयार करें? -राहुल
उत्तर: रासायनिक अभिक्रियाओं को उदाहरण सहित लिखकर तैयार करें। परीक्षा की पुस्तिका में इन्हें काले रंग के पेन से स्पष्ट रूप से लिखें।
प्रश्नः विज्ञान विषय में कार्बनिक रसायन वाले भाग से महत्वपूर्ण प्रश्न कौन-कौन से बन सकते हैं? -अर्पित
उत्तर: कार्बन के अपररूप, हाइड्रोकार्बन, समजातीय श्रेणी, कार्बनिक यौगिकों की सामान्य रासायनिक अभिक्रियाएं जैसे दहन, प्रतिस्थापन, साबुन और अपमार्जक आदि महत्वपूर्ण टॉपिक है।
प्रश्नः अंग्रेजी प्रश्न पत्र में रिपोर्ट राइटिंग का प्रश्न कैसे करें ? -रिषभ
उत्तरः प्रश्नों को ध्यान से पढ़ें और उसका शीर्षक देखें तथा टेंस और स्पेलिंग में गलतियां करने से बचें।
प्रश्नः सर, गणित में काफी कमजोर हूं, क्या पढूं की पास हो जाऊं? - अमित
उत्तरः आप घबराएं नहीं, यदि आप गणित के अध्यायवार सूत्र लिखकर याद कर सकें तो आपको संबंधित प्रश्न में केवल उससे संबंधित सूत्र लिखकर भी स्टेप मार्किंग के आधार पर कुछ अंक मिल सकते हैं।