लखनऊ। राजधानी में हवा की खराब होती सेहत को देखते हुए वाहनों, निर्माण कार्यों आदि से होने वाले प्रदूषण पर लगाम लगाने और वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहतर बनाने के लिए विभागों को निर्देशों दिए गए हैं। इनका पालन होने की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने शनिवार को औद्योगिक क्षेत्र तालकटोरा का निरीक्षण किया।
उन्होंने एक्यूएमएस सेंटर का भी जायजा लिया। डीएम ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और यातायात पुलिस की ओर से प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर संतोष जताया।
प्लाईवुड की इकाइयों के दौरे में उन्होंने पाया कि कुछ संस्थानों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए संयंत्र तो उपलब्ध है, लेकिन वे सक्रिय नहीं हैं। उन्होंने ऐसी इकाइयों को कार्रवाई की चेतावनी दी। निरीक्षण के मौके पर औद्योगिक क्षेत्र तालकटोरा के एसोसिएशन के पदाधिकारी व उद्यमी मौजूद रहे। उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा सार्वजनिक साधनों बस, मेट्रो के इस्तेमाल करने की अपील की।