लखनऊ। डायरिया ने अब इटौंजा इलाके में पांव पसार लिए हैं। डायरिया से यहां दो लोगों की मौत हो गई है और 40 से ज्यादा लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे इलाके का दौरा कर घर-घर जाकर लोगों को क्लोरीन व अन्य दवाओं का वितरण कराया है।
इटौंजा नगर पंचायत के धोबी मोहल्ला की रहने वाली काजल (22) को करीब पांच दिन पहले उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। हालत गंभीर होने पर घरवाले उसे निजी अस्पताल ले गए। वहां हालत और बिगड़ती गई। बुधवार सुबह इलाज दौरान उसकी मौत हो गई। इससे पहले 25 अक्तूबर को सिविल अस्पताल में भर्ती इटौंजा वार्ड नंबर दो के रहने वाले महफूज अली (50) मौत हो गई। इलाके में करीब 40 से अधिक लोग बीमार हैं। इसमें 15 से ज्यादा मरीज रामसागर मिश्रा अस्पताल में भर्ती हैं। दो मरीज सीएचसी इटौंजा तो आठ-दस मरीज सिविल और बलरामपुर अस्पताल में भर्ती होकर इलाज करवा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। इस वजह से काफी लोगों को उल्टी दस्त की शिकायत हो रही है। इटौंजा सीएचसी के प्रभारी डॉ. एके दीक्षित ने बताया कि इटौंजा वार्ड नंबर दो, पांच व छह में डायरिया का प्रकोप ज्यादा है। इलाके पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। टीमें घर-घर जाकर दवाओं का वितरण कर रही हैं।
नालियों से गुजरी है पाइप लाइन
स्वास्थ्य विभाग व जलकल विभाग की टीम ने इलाके का दौरा किया तो पता चला कि नालियों से पाइप लाइन होकर गुजरी हुई है। कई पाइप लाइन फटी होने बाद उसे टायर से बांध दिया गया है। इससे नाली का पानी पाइप लाइन जरिये लोगों के घरों तक पहुंच रहा है।
एंबुलेंस लगाई गई
उल्टी दस्त के मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए इलाके में एंबुलेंस तैनात की गई है। मरीज की हालत गंभीर होने पर पहले सीएचसी ले जाया जाएगा। वहां से रेफर होने पर बड़े अस्पताल ले जाया जाएगा।
पानी के टैंकर लगाए, पानी की होगी जांच
जलकल विभाग ने लोगों को साफ पानी मुहैया कराने के लिए पानी के टैंकर लगवाए हैं। इसके अलावा लोगों को क्लोरीन की गोली भी वितरित की गई है। लोगों को पानी ऊ बाल कर पीने की सलाह दी गई है।
अफसरों ने किया दौरा
डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी त्रिपाठी, डॉ. मिलिंद वर्धन व योगेश ने बुधवार को इटौंजा क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधीक्षक सीएचसी इटौंजा को क्षेत्र में निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही एएनएम एवं आशा के माध्यम से औषधियां, क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस पैकेट बंटवाए।