केजीएमयू ब्लड बैंक की प्रभारी डॉ. तूलिका चंद्रा की बेटी देविशा अग्रवाल ने कानपुर के गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज, जीएसवीएम से एमबीबीएस टॉप किया है।
एमबीबीएस के चार प्रोफेशनल वर्ष में लगातार प्रथम रहने वाली देविशा ने 10 गोल्ड मेडल भी जीते हैं। देविशा ने 2013 में कानपुर के जीएसवीएम में एमबीबीएस दाखिला लिया था।
उसे आठ विषयों में विशिष्टता मिली है। सबसे ज्यादा अंक मेडिसिन विषय के हैं। वह चाहती है कि कमजोर वर्ग के लोगों के लिए सस्ती चिकित्सा सुलभ हो सके। अगली पढ़ाई के लिए देविशा रेडियो डायग्नोसिस या मेडिसिन में प्रवेश लेना चाहती है।
इससे पहले उन्होंने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में भी शानदार प्रदर्शन किया था। देविशा का मानना है कि डॉक्टर को मृदुभाषी होना चाहिए और अच्छा चिकित्सक होने के साथ वह इंसान भी अच्छा हो। देविशा के पिता डॉॅ राजीव अग्रवाल पीजीआई में प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रमुख हैं।