15 फरवरी से सभी उच्च शिक्षण संस्थान पूरी क्षमता से खुल जाएंगे।
लखनऊ। शासन के निर्देश के बाद सोमवार से सभी उच्च शिक्षण संस्थान सामान्य रूप से संचालित होने लगेंगे। हालांकि, संस्थानों में अभी भी ऑनलाइन कक्षाएं चलती रहेंगी। लविवि ने सभी विभागाध्यक्षों को सोमवार से सामान्य रूप से विभाग खोलने का निर्देश दिया है। लविवि व सहयुक्त कॉलेजों में इस समय सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए क्लास चलाना संभव नहीं होगा।
लविवि समेत कई डिग्री कॉलेज में सामान्य क्लास का संचालन शुरू हो चुका है, पर अभी भी सारे विद्यार्थी परिसर नहीं आ रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या बाहरी विद्यार्थियों की है। यहां उनके लिए आवास की समस्या जटिल है। छात्रावासों की क्षमता आधी कर देने से उनको रहने में समस्या हो रही है। इसे देखते हुए संस्थान भले ही पूरी तरह से सामान्य क्लास चलाने की तैयारी कर रहे हैं, पर अभी भी ऑनलाइन क्लास चलती रहेंगी।
प्रथम वर्ष को छोड़कर अन्य सभी की हो रही परीक्षा
लविवि में इस समय सेमेस्टर परीक्षा चल रही है। प्रथम वर्ष के दाखिले काफी देरी से हुए थे। इसलिए अभी उनकी परीक्षा शुरू नहीं हुई है। उनकी क्लास ऑनलाइन संचालित हो रही हैं। शासन के निर्देश के बाद सामान्य क्लास चलाने के लिए सिर्फ प्रथम वर्ष के विद्यार्थी ही उपलब्ध होंगे।
विभागाध्यक्षों को दिए निर्देश
प्रवक्ता लविवि डॉ. दुर्गेश श्रीवास्तव के अनुसार शासन के निर्देश पर सभी विभागाध्यक्षों को सामान्य कक्षाएं चलाने का निर्देश जारी किया जा चुका है। हालांकि अभी ऑनलाइन क्लास का संचालन किया जाता रहेगा।