मजबूत तालों के लिए देश ही नहीं विदेशों तक अपनी पहचान बना चुके अलीगढ़ को अब देशी-विदेशी हथियार और रक्षा उपकरण उत्पादक के रूप में नई पहचान मिलेगी। डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत अलीगढ़ में डिफेंस इंडस्ट्रियल पार्क बनाया जाएगा।
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने इंडस्ट्रियल पार्क के लिए जमीन चिन्हित की है। जमीन का चयन होते ही 25 कंपनियों ने कुल 88 हजार वर्ग मीटर जमीन के लिए आवेदन कर एडवांस भी जमा करा दिया है।
डिफेंस कारिडोर में आगरा, अलीगढ़, चित्रकूट, लखनऊ, झांसी और कानपुर छह क्षेत्रों 5071.19 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है। अलीगढ़ में 45 हेक्टेयर भूमि पर डिफेंस इंडस्ट्रियल पार्क बनाया जाएगा। इसमें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, डिफेंस फूड रिसर्च एंड मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, डिफेंस इनोवेशन हब, डिफेंस एडमिनिस्ट्रेटिव हब स्थापित किया जाएगा।
ताला उद्योग को भी देंगे बढ़ावा
डिफेंस इंडस्ट्रियल पार्क में ताला उद्योग को भी संरक्षित रखते हुए इसे बढ़ावा देने की योजना है। पार्क में एमएसएमई पार्क भी स्थापित किया जाएगा। इसमें ताला निर्माण में लगी लघु और मध्यम इकाइयों को जगह दी जाएगी। ताला उद्योग की इकाइयों को सस्ती दर पर जमीन, अवस्थापना सुविधाएं भी दी जाएगी।