प्रदेश सरकार ने डिफेंस इंडस्ट्रीयल कॉरिडोर के अलीगढ़ नोड में 19 कंपनियों को 55 हेक्टेयर भूमि आवंटित की है। ये कंपनियां कॉरिडोर में करीब 1,245 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी। इससे हजारों की संख्या में युवाओं को रोजगार मिलेगा साथ ही प्रदेश रक्षा उत्पाद निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की ओर बढ़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही अलीगढ़ नोड का शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनवरी 2018 में इंवेस्टर्स समिट के दौरान यूपी में डिफेंस कॉरिडोर बनाने की घोषणा की थी। प्रदेश सरकार की ओर से लखनऊ से कानपुर, चित्रकूट, झांसी, आगरा, अलीगढ़ नोड में कॉरिडोर स्थापित किया जा रहा है।
फरवरी 2020 में लखनऊ में आयोजित डिफेंस एक्सपो के दौरान रक्षा उत्पाद से जुड़ी कंपनियों ने कॉरिडोर में निवेश के लिए 50 हजार करोड़ के एमओयू किए थे। सबसे अधिक एमओयू अलीगढ़ में खैर रोड पर अंडला में बनाए जा रहे कॉरिडोर के लिए हुए हैं। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने अलीगढ़ नोड में 19 अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों को 55.4 हेक्टेयर भूमि आवंटित की है। एंकर रिसर्च लैब एलएलपी सबसे अधिक 550 करोड़ रुपए का निवेश करेगी।
यूपीडा के सीईओ अवनीश अवस्थी के अनुसार अलीगढ़ नोड में जमीन आवंटन का काम पूरा कर लिया गया है। 10.21 करोड़ रूपए की लागत से 4 लेन सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इसके साथ ही बिजली घर, बांउड्रीवाल बनाने का काम भी शुरू हो चुका है। जल्दी ही प्रधानमंत्री द्वारा इसका शिलान्यास किया जाएगा।