यूपी आईएएस एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक में काडर के हितों को लेकर कई मुद्दो पर चर्चा हुई। लेकिन सरकार के रुख को देखते हुए पदाधिकारियों ने फैसलों पर चुप्पी साधे ली है। इस बार सर्विस वीक का आयोजन खटाई में पड़ता नजर आ रहा है।
एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रवीर कुमार के जुलाई-2019 में रिटायर होने के बाद से राजस्व परिषद के चेयरमैन दीपक त्रिवेदी एसोसिएशन के अध्यक्ष और पूर्व सचिव आलोक कुमार के सचिव मुख्यमंत्री बनने के बाद से सचिव लोक निर्माण रंजन कुमार बतौर सचिव काम कर रहे हैं।
बीते बृहस्पतिवार को आईएएस एसोसिएशन कार्यकारिणी की बैठक में इनके नाम पर औपचारिक रूप से मुहर लगा दी गई। सूत्रों ने बताया कि बैठक में सरकार द्वारा लखनऊ व नोएडा में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू किए जाने, 1988 बैच के आईएएस अधिकारियों को अपर मुख्य सचिव (एसीएस) के पद पर पदोन्नति न दिए जाने और हर वित्तीय वर्ष में दिसंबर से फरवरी के बीच होने वाली सर्विस वीक के लिए मुख्यमंत्री का समय न मिल पाने पर चिंता व्यक्त की गई। इस वर्ष मार्च में भी सर्विस वीक होने की संभावना नहीं रह गई है।