यूपी की समाज कल्याण राज्यमंत्री गुलाब देवी ने सोमवार को विकलांग कल्याण विभाग द्वारा संचालित मूक-बधिर, दृष्टिहीन विद्यालय-छात्रावास का निरीक्षण किया।
इस दौरान बातचीत में छात्रों ने संकेतों से बताया कि अधीक्षक उन्हें प्रताड़ित करते हैं। खाने की गुणवत्ता भी ठीक नहीं होती है। विद्यालय की अन्य सुविधाएं भी बहुत खराब स्थिति में हैं।
मंत्री ने बच्चों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए उन्हें बेहतर भोजन देने और उचित व्यवहार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इससे पहले राज्यमंत्री ने जयप्रकाश नारायण बालिका सर्वोदय बालिका इंटर कॉलेज और वृद्धाश्रम का भी निरीक्षण किया।
यहां भी बच्चों ने पीने के लिए साफ पानी न मिलने और किताबों की समुचित व्यवस्था न होने की बात कही। मंत्री ने इस पर नाराजगी व्यक्त की और प्रधानाचार्य वंदना तिवारी को व्यवस्थाएं जल्द ठीक कराने का निर्देश दिया। वृद्धाश्रम में काफी जर्जर बिल्डिंग देख मंत्री ने इसकी मरम्मत कराने का निर्देश दिया।