चुनाव आयोग ने यूपी की कैराना लोकसभा सीट और नूरपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए तारीखों की घोषणा कर दी है। इन सीटों पर 28 मई को मतदान होगा और मतगणना 31 मई को की जाएगी।
उपचुनाव के लिए अधिसूचना 3 मई 2018 को जारी होगी, जबकि नामांकन करने की अंतिम तारीख 10 मई है।
यूपी में बदलते राजनीतिक माहौल को देखते हुए कैराना लोकसभा सीट पर राजनीतिक विश्लेषकों की नजरें हैं। आपको याद दिला दें कि प्रदेश में 2019 के आमचुनाव में सपा-बसपा का गठबंधन तय माना जा रहा है। ऐसे में ये देखना है कि कैराना उपचुनाव में सपा-बसपा संयुक्त प्रत्याशी उतारती हैं या अलग-अलग।
इसके पहले गोरखपुर व फूलपुर उपचुनाव में सपा-बसपा ने संयुक्त प्रत्याशी चुनाव में उतारकर भाजपा के गढ़ में उसे मात दी थी। वहीं, विधानपरिषद की सीटों के लिए हुए चुनाव में सपा ने बसपा प्रत्याशी का समर्थन किया था।
ऐसे में यूपी में गठबंधन की संभावना को देखते हुए कहा जा सकता है कि कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा सीट के लिए सपा-बसपा संयुक्त प्रत्याशी मैदान में उतार सकती हैं।