रायबरेली में डलमऊ के एसडीएम जीत लाल सैनी ने किसी बात से नाराज होकर शिक्षक पर थप्पड़ों की बौछार कर दी। इस दौरान, किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर इसे वायरल कर दिया।
खोजबीन करने पर पता चला कि पूरा मामला लालगंज कोतवाली क्षेत्र की मॉडर्न रेलकोच फैक्ट्री के पास का है। जहां इस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की और सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन की तैयारी में जिले का पूरा प्रशासनिक अमला जुटा हुआ है।
जिला प्रशासन ने एसडीएम डलमऊ को प्रधानमंत्री की रैली के लिए पार्किंग व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी है। एसडीएम डलमऊ जीत लाल सैनी रेलकोच के पास पार्किंग के लिए जमीन को समतल करवा रहे थे।
उसी दौरान गांव के एक शिक्षक राम अभिलाष उर्फ़ ओमी यादव ने कोई बात एसडीएम डलमऊ से कही जो एसडीएम साहब को नागवार गुजरी तो उन्होंने पब्लिक के बीच ही शिक्षक पर थप्पड़ों की बौछार कर दी। फिलहाल अभी तक पुलिस को किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।
हालांकि, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।